जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती रोड नंबर 14 में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अनिल कुमार गुप्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर के बेडरूम में फंदे से लटका मिला. घटना के समय उनकी पत्नी करुणा देवी काम पर गई हुई थीं. घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो रिश्तेदारों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया. इसके बाद कमरे के अंदर अनिल का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद उसे फंदे से उतार कर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. घटना के संबंध में रिश्तेदार प्रदीप कुमार साह ने बताया कि वह अनिल कुमार गुप्ता के घर पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)

काफी देर तक मुख्य दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. अनिल की तबीयत अक्सर खराब रहती थी, इसलिए शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद वह सो रहे होंगे. इसके बाद वह पास की एक दुकान पर बातचीत करने लगे.इसी दौरान उनके भांजे का फोन आया, जिसके बाद वह दोबारा घर पहुंचे और छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए. घर के अंदर पहुंचने पर बेडरूम का दरवाजा भी अंदर से बंद मिला. इसके बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने आसपास के लोगों और दवा दुकान के संचालक को मौके पर बुलाया. कमरे के अंदर देखने पर अनिल कुमार गुप्ता का शव फंदे से लटका मिला. हैरानी की बात यह थी कि शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उनके पैर पलंग या कुर्सी पर टिके हुए थे. घटना के समय पत्नी करुणा देवी घर पर मौजूद नहीं थीं. वह दूसरे लोगों के घरों में खाना बनाने का काम करती हैं. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. फिलहाल अनिल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.












