जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित दो माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई. आदित्यपुर निवासी आशुतोष कुमार की बेटी रिधि राय ने सोमवार देर शाम अंतिम सांस ली. बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, परिजन 25 अक्टूबर को बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग में लेकर पहुंचे थे. वहां करीब दो घंटे तक इलाज कराने के बाद परिजन उसे वापस घर ले गए. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके अगले दिन 26 अक्टूबर को बच्ची की हालत अचानक और बिगड़ गई. इसके बाद परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल भर्ती कर लिया और उसे वेंटिलेटर पर रखकर इलाज शुरू किया. चिकित्सकों की टीम ने बच्ची को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ. डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी. अस्पताल पहुंचने के समय उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी. तमाम जीवनरक्षक उपायों के बावजूद सोमवार देर शाम उसकी मौत हो गई.












