
मृतका की फाइल फोटो. 
सिटी एसपी से मिलने पहुंचे अनुराधा के परिजन.
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह पोस्टऑफिस के पास रहने वाली वनरक्षी अनुराधा कुमारी (29) द्वारा आत्महत्या करने के 21 दिन बाद भी पुलिस अभी तक उसके आरोपी मंगेतर संदीप प्रसाद को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. इधर गुरुवार को मृतिका के भाई सतीश कुमार प्रसाद सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट से मिलकर न्याय की गुहार लगाने पहुंचे. उन्होंने सिटी एसपी को पूरी कहानी सुनाते हुए संदीप की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने बताया कि उनकी बहन बहुत ही होशियार थी. बस्ती में सिर्फ वही थी जो कि सरकारी नौकरी कर रही थी. वह बीपीएससी की तैयारी भी कर रही है. उसकी शादी डाल्टनगंज निवासी संदीप से 30 अप्रैल को होने वाली थी. संदीप उससे अक्सर नौकरी छोड़ने की बात करता था. वह चाहता था की उनकी बहन नौकरी न करे, पर बहन नौकरी छोड़ना नहीं चाहती थी. संदीप ने अनुराधा को कहा था कि अनुराधा खुद ही घर पर शादी के लिए मना कर दे, ताकि संदीप पर इसका आरोप न आए. घटना के दिन भी अनुराधा ने संदीप से काफी देर बात की थी. लगभग 3 बजे वह बात करते-करते अपने कमरे में गई थी. 3.30 बजे संदीप ने फोन कर बताया कि अनुराधा फोन नहीं उठा रही. जिसके बाद सभी उसके कमरे में गए. कमरे में अनुराधा फंदे से लटकी हुई थी. घटना के बाद परसुडीह थाना में उन्होंने संदीप के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया था, पर अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है. जबकि पुलिस के पास अनुराधा और संदीप का व्हाट्सएप चैट भी है.














