
जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 607वां नेत्र शिविर नये वित्त वर्ष के प्रथम सप्ताह में 3 से 5 अप्रैल तक आयोजित किया जायेगा। 3 अप्रैल को नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा हायपर मैच्योर मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशऩ के लिए किया जायेगा। 4 अप्रैल को ऑपरेशन के लिए चयनित नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा। उक्त जानकारी रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने दी। (नीचे भी पढ़ें)
शहीद सैनिकों के सम्मान में रक्तदान शिविर 8 को
कोरोना के बिगड़े हालात के बीच जब रक्त की कमी से शहर जूझ रहा था ऐसे में योद्धाओं के रूप में शहर के रक्तदाताओं ने कोरोना काल में पहले रक्तदान शिविर 8 अप्रैल 2020 को पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सारी सीमाओं को लांघकर 250 यूनिट से अधिक रक्तदान किया था, एक बार पुनः उसी जज्बे के साथ रक्तदाताओं से अनुरोध है कि 8 अप्रैल 2021 को रेड क्रॉस भवन में शहीद सैनिकों के सम्मान में तथा इस शहर के जाने माने समाजसेवी व स्वतंत्रता सेनानी स्व. चित्तो मुखर्जी (चित्तरंजन मुखर्जी) के पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में रक्तदान करें। मां भारती को नमन करते हुए पूर्व सैनिक सेवा परिषद तथा रेड क्रॉस के पेट्रऩ श्री सुदिप्तों मुखर्जी (बुबुन दा) के संयोजन में यह रक्तदान शिविर 8 अप्रैल गुरुवार को रेड क्रॉस भवन, साकची में आयोजित किया जायेगा। वे सभी रक्तदाता जिन्होने 8 अप्रैल 2020 की कठिन समय में आकर रक्तदान किया था, उनके सम्मान का भी यह रक्तदान शिविर होगा। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने रक्तदाताओं से अनुरोध किया है कि कोरोना के दूसरे वेब को ध्यान में रखते हुए जहां सुरक्षात्मक उपाय अपनाये जाने की जरूरत हैं वहीं गर्मी को देखते हुए जरुरतमंदों के लिए रक्त जुटाना आवश्यक है। मानवता की सेवा के लिए एक बार फिर से उसी उत्साह के साथ रक्तदाताओं को आगे आने की जरूरत है ताकि हर जरूरतमंद को समय पर रक्त मिल सके।













