
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह जागरूकता रथ जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सभी मोहल्लों में जाकर लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने को लेकर जागरूक करेगा. इस संबंध में विधायक सरयू राय ने बताया कि देश में कोरोना की दूसरी लहर काफी तेजी से फैल रही है. इसको देखते हुए उनके द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों को कोरोना का टीका लेने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रचार रथ को रवाना किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से मुफ्त वैक्सीन दी जा रही है, लेकिन अभी भी कई लोग दुविधा में हैं और टीकाकरण केंद्र पर नहीं पहुंच रहे हैं. ऐसे में इस जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों में जागरुकता आएगी और टीकाकरण अभियान जोर पकड़ेगा, ताकि कोरोना महामारी के दूसरे स्टेज में लोगों को कम से कम नुकसान उठाना पड़े.














