
रांची : झारखंड सरकार ने लॉकडाउन और कोरोना के बीच शैक्षणिक सत्र 2020-2021 के लिए एक अहम आदेश निकाला है. इस आदेश के तहत इस सत्र के कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रोमोशन दे दिया जायेगा. यह कहा गया है कि कोरोना के कारण नियमित कक्षा का संचालन नहीं किया जा सका है जबकि उन्हें पाठ्यपुस्तक और अभ्यासपुस्तिका उपलब्ध करायी गयी है. ऑनलाइन माध्यम से विषयवस्तु की जानकारी नियमित रुप से भी नहीं उपलब्ध करायी गयी है. प्रारंभिक शिक्षा निदेशक डॉ भुवनेश प्रताप सिंह ने अपने आदेश में कहा है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र के समाप्ति के आलोक में छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत किये जाने के संबंध में विभागीय स्तर पर निर्णय लिया गया है, जिसके तहत कक्षा 1 से 8 तक के सभी छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नति दे दी जाये और कोविड 19 के दिशा-निर्देश का अनुपालन कराते हुए कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं का नया और अगली कक्षा में नामांकन कराया जाये. यह कहा गया है कि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक मूल्यांकनक और उनके शैक्षणिक अधिगम स्तर में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से निर्गत किया जायेगा. दूसरी ओर, विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर विशेष अभियान के तहत 1 अप्रैल से 45 साल से अधिक आयु वाले शिक्षकों और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े सभी नियमित और संविदाकर्मियों का कोविड-19 टीकाकरण कराने का भी आदेश दिया गया है. सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी जिला शिक्षा अधीक्षक को आदेश दिया गया है कि शिक्षक, शिक्षिकाओं के अलावा मध्याह्न भोजन कराने वाले लोगों को, रसोईया, संयोजिका समेत अन्य सारे लोगों को टीका लगाने को कहा गया है.





