
जमशेदपुर : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता रविवार को अपने लय में दिखे. जहां मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली शहर की लाइफ लाइन स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के संगम स्थल दोमुहानी में अपने समर्थकों एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ मिलकर नदियों में उग आए जलकुंभियों को अपने हाथों से साफ करते नजर आए. इस दौरान जेएनएसी के सिटी मैनेजर और कर्मचारी भी मौजूद रहे. मंत्री बन्ना गुप्ता ने नदियों में उगे जलकुंभियों को शहरवासियों के लिए खतरा बताते हुए इसे समय-समय पर साफ़ रखने एवं नदियों में प्रवाहित हो रहे प्रदूषित पानी का निस्तारण करने की कार्ययोजना पर काम किए जाने की बात कही. वैसे शहर के कई इलाकों का गंदा पानी नालों के माध्यम से दोनों नदियों में पहुंचता है, जिससे दोनों नदियां प्रदूषित हो रही हैं और इनमें जलकुंभियां उग रही हैं. हालांकि शहर के कई स्वयंसेवी संगठनों द्वारा समय-समय पर अभियान भी चलाया जाता है, लेकिन पानी का बहाव नहीं होने के कारण जलकुंभियां उगा आते हैं. मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील से मिलकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की बात कही. उन्होंने रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के साथ नालों में बहनेवाले पानी के रिसाइक्लिंग पर भी ध्यान देने और इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कहीं. मंत्री ने बेटी-बचाओ अभियान के तर्ज पर नदियों को भी बचाने का संकल्प लेने की अपील शहरवासियों से की.






