
डुमरिया : डुमरिया प्रखंड की धोलाबेड़ा पंचायत के चटानीपानी गांव के जिजोगोड़ा टोला में कुल 17 परिवार हैं जिसमें से 9 आदिम जनजाति परिवार के लोग रहते हैं. जिजोगोड़ा टोला के ग्रामीणों ने बताया कि टोला में पहले पेयजल की व्यवस्था नही होने के कारण 17 परिवार पीने और दैनिक कार्यो के लिए पूर्ण रूप से पहाड़ी नदी पर पूर्ण रूप से आश्रित थे. टोला से 500 मीटर दूर महिलायें पीने के लिए पानी ढोहकर लाती थी. ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के दिनों में पहाड़ी नदी के सूख जाने से उनके समक्ष पेयजल की घोर समस्या उत्पन्न हो जाती थी. पूर्व में पेयजल विभाग द्वारा स्थापित चापाकल भी वर्षो से ठप पड़ा है.जिसकारण ग्रामीण पीने के लिए और दैनिक कार्यो के लिए पूर्ण रूप से पहाड़ी नदी पर आश्रित थे. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सूरज कुमार को टोला में जल संकट की मामले को संज्ञान में लेकर विभागीय पदाधिकारियों को तत्काल ग्रामीणों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया. इस समस्या के समाधान के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग जमशेदपुर प्रमंडल द्वारा पीभीटीजी मद से 4000 लीटर क्षमता का आरसीसी टैंक के साथ सोलर आधारित जलमीनार का अधिष्ठापन कर पेयजल संकट को दूर किया गया. आज सभी टोलेवासी इस योजना से शुद्ध पेयजल का लाभ ले रहे हैं. टोला में जल मीनार बनने से लोगों की पानी के समस्या दूर हुई है और ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है.






