
जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाईस चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने रामगढ़ में वहां के अधिवक्ता अजय कुमार महतो का शव कृष्णा पैलेस होटल में मिलने पर चिंता जताते हुए, हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी का आग्रह राज्य के पुलिस महानिदेशक और राज्य के मुख्य सचिव से किया है। श्री शुक्ल ने कहा है कि दो दिन पूर्व से ही जब अजय कुमार महतो के परिजनों ने रजरप्पा पुलिस को उनके गायब होने की सूचना दी थी तो पुलिस प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए था। श्री शुक्ल ने कहा है कि जिस प्रकार की घटनाएं राज्य में अधिवक्ताओ के साथ घटित हो रही हैं वह चिन्ता की बात है और राज्य सरकार को बिना विलम्ब के झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कर देना चाहिए, ताकि राज्य में अधिवक्ता वर्ग निर्भीकता से अपना दायित्व निभा सके। आए दिन अधिवक्ताओं को डराने, झूठे मुकदमे में फंसाने, महिला अधिवक्ताओं के साथ छिनतई, अधिवक्ताओ की हत्या जैसी घटनाएं घट रही हैं, जो चिंता का विषय हैं। अधिवक्ता न्यायालय के पदाधिकारी होते हैं और यदि वे निर्भीकता से अपना दायित्व नहीं निभा पायेंगे तो झारखंड में न्याय व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो जायेगी। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ई-मेल भेजकर बिना विलम्ब किये झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है। श्री शुक्ल ने कहा है कि जल्द ही झारखंड स्टेट बार काउंसिल के सदस्य राज्य की राज्यपाल और राज्य के मुख्यमंत्री से मिलकर उनके समक्ष एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग पुनः रखेंगे। श्री शुक्ल ने राज्य सरकार से अधिवक्ता अजय कुमार महतो के परिजनों को 2 करोड़ रुपये मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी की है। श्री शुक्ल ने घटना के संबंध में रामगढ़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल और सचिव सीताराम से बात कर घटना की जानकारी ली और बार एसोसिएशन के सदस्यों को सांत्वना दी।













