
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत इस्ट प्लांट बस्ती शिव मंदिर निवासी युवक का अपहरण कर बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में युवक की मां शिव कुमारी देवी ने न्यायालय में शिकायतवाद दर्ज कराया है. शिकायतवाद में उन्होंने बताया कि बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट से उनके पुत्र का अपहरण राजेश कुमार ठाकुर, सोनू सिंह और बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मनिका निवासी विजय शर्मा उर्फ विजय सिंह और एक अन्य ने 6 से 10 अगस्त 2020 के बीच कर लिया और बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाकर उसकी हत्या कर दी है. इधर मामला बर्मामाइंस थाना में दर्ज होने के बाद पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है. घटना के संबंध में थाना प्रभारी राजू ने बताया कि युवक सुनसुनिया गेट के पास टायर दुकान में काम करता था. वहां से वह आरोपियों के साथ उसके गांव मुजफ्फरपुर गया था. गांव के एक तालाब में नहाने के दौरान उसकी डूबने से मौत हो गई थी. घटना के बाद संबंधित थाने में मां के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया था. अब घटना के आठ माह बाद उसकी मां ने हत्या का मामला दर्ज कराया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.













