
जमशेदपुरः जमशेदपुर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के दूसरे लहर को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है. शहर के सभी अट्ठारह चेकनाकों को एक्टिव कर दिया गया है. इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनल पर भी सख्ती बढ़ा दी गई है. शहर के सभी बड़े अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और बेड की संख्या बढ़ा दी गई है. सभी इंसिडेंट कमांडर मुस्तैदी से अपने अपने क्षेत्र में लगे हुए हैं. इधर जिला प्रशासन के निर्देश के बाद शहर के स्कूली बच्चों का कोरोना जांच कराया जा रहा है. आपको बता दें, कि पिछले दिनों शहर के तीन- तीन निजी स्कूलों के शिक्षक और छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए थे. जिसके बाद उन स्कूलों को सील कर दिया गया है. इधर मंगलवार को कदमा स्थित डीबीएमएस स्कूल के बच्चों का सैंपल लिया गया. स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया, कि अभी प्रैक्टिकल के लिए बच्चों को स्कूल बुलाया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद बच्चों को स्कूल में प्रवेश करने दिया जाएगा.





