
जमशेदपुर : झामुमो जमशेदपुर प्रखंड समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सुंदरनगर के तुरमडीह कॉलोनी स्थित विधायक आवास में पोटका विधायक संजीव सरदार से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से घाघीडीह हाट बाजार की जमीन पर 25 पक्की दुकान घर एवं शेड निर्माण कराने की मांग की गयी. झामुमो प्रतिनिधिमंडल को विधायक संजीव सरदार ने आवश्वत किया कि उक्त मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार मंथन करते हुए संबंधित पदाधिकारी से बात करेंगे. साथ ही विधायक ने अपने निजी सचिव को पत्र लिखने का निर्देश दिया. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक संजीव सरदार को बताया कि विगत 40 वर्षो से घाघीडीह मौजा वर्तमान बागबेड़ा थाना अन्तर्गत हरहरगुट्टू में घाघीडीह हाट बाजार की जमीन पर किसानों व्यापारियों के अलावा सर्वसाधारण द्वारा साग-सब्जी, आलू, टमाटर, मुर्गा, मछली आदि खाद्य सामग्री के लिए पक्की दुकान घर बनाने से दुकानदारों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बाजार करने में सुविधा होगी. साथ ही झारखंड सरकार का राजस्व बढ़ेगा. ज्ञात हो कि हाट बाजार की जमीन कृषि उत्पादन बाजार समिति के अन्तर्गत आती है. घाघीडीह हाट बाजार की जमीन का खाता नंबर 1075 प्लॉट नंबर 1553 रकवा 94 डिसमिल है. प्रतिनिधिमंडल में बहादुर किस्कू, निजाम खान, मनोज नहा, विपिन ठाकुर, संजय झा, राजकुमार यादव समेत अन्य शामिल थे.




