
चाकुलिया : कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रशासन भी पूरी सख्ती से लोगों को नियम पालन करवाने के प्रति दिनरात जुटा हुआ हैं. स्थानीय पदाधिकारी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर लोगों को सरकारी गाइडलाइन का पालन कराने में जुटे हुए हैं. गुरूवार को प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार के नेतृत्व मे पुलिस बल ने प्रखंड की जामुआ पंचायत के केरूकोचा और पिताजुड़ी चौक पर जांच अभियान चलाया. इस दौरान पदाधिकारियों ने पिताजुड़ी चौक पर खुली कई दुकानों को बंद कराया, वही केरूकोचा चौक के मॉडन शू की दुकान को कोविड 19 के तहत सरकारी गाइडलाइन का उल्लंघन करने के कारण 13 मई तक के लिए सील कर दिया है. इस संबंध में देव कुमार ने बताया कि दुकानदार द्वारा अपनी दुकान में ताला बंद नही किया था. वह दुकान के बगल में बैठकर ग्राहकों को चप्पल और जूता बेच रहा था. कहा कि सरकार ने आवश्यक सामग्रियों की दुकानों को छोड़कर बाकी सभी दुकानों को बंद रखने की निर्देश जारी किया है, जिसका उक्त दुकानदार द्वारा उल्लंघन किया जा रहा था. इस कारण उसकी दुकान को 13 मई तक के लिए सील कर दिया गया है. वहीं पिताजुड़ी चौक पर खुली दुकानों के दुकानदारों को फटकार लगाकर दुकानों को बंद कराया गया है.













