जमशेदपुर : मानवता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने शुक्रवार को पांच वर्षीय मासूम सात्विक मांझी को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाने में अहम भूमिका निभाई. बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया, ताकि एंबुलेंस बिना किसी बाधा के तेजी से आगे बढ़ सके. जानकारी के अनुसार, पांच वर्षीय सात्विक मांझी 18 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में सड़क हादसे का शिकार हो गया था. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे कोमा की स्थिति में इलाज के लिए जमशेदपुर के (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था. बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों की सलाह पर उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाने का निर्णय लिया गया. इसके बाद शुक्रवार, 30 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में ट्रैफिक थाना बिष्टुपुर, साकची और मानगो की टीम ने संयुक्त रूप से ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया. पुलिसकर्मियों ने रास्ते में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए एंबुलेंस को बिना रुकावट आगे बढ़ने का रास्ता दिया. (नीचे भी पढ़ें)
एंबुलेंस सुबह 11:50 बजे टीएमएच से रवाना हुई और महज 15 मिनट में दोपहर 12:05 बजे बालीगुमा होते हुए डिमना चौक पहुंच गई. इसके बाद एंबुलेंस को एनएच-33 के रास्ते कोलकाता के लिए रवाना किया गया. जमशेदपुर पुलिस की इस त्वरित पहल से गंभीर रूप से बीमार बच्चे को समय पर बेहतर इलाज के लिए ले जाने में मदद मिली. पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की जा रही है.












