
पलामू : वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के बैनर तले AISF छात्र संगठन द्वारा लगातार पिछले कुछ दिनों से सदर अस्पताल (एमएमसीएच) में नि:शुल्क पानी वितरण, ब्लड, मास्क, सैनिटाइजर, बेड, ऑक्सीजन आदि उपलब्ध करवाया जा रहा है. कोरोना महामारी के समय, समाज को भयाक्रांत करने की खबरों के बीच वाम लोकतांत्रिक मोर्चा ने सदर अस्पताल में हेल्प डेस्क लगाया है. मुफ्त में पानी वितरण किया जा रहा है. हेल्प डेस्क पर बैठे AISF जिला अध्यक्ष सुजीत पांडेय (विदेशी) ने कहा कि अभी इस महामरी में डरने की नहीं सतर्क रहने की जरूरत है. लोगो का हमेशा ब्लड, ऑक्सीजन, बेड के लिए कॉल आता रहता है और मैं लगातार खुद जा कर उनको मदद कर रहा हूं. ब्लड भी मैंने खुद जा कर दिया और लोगों को अभी भी मदद के लिए मैं हमेशा तत्पर रहूंगा. आज एक महिला पेसेंट का ऑक्सीजन लेवल कम था, जिसमें मैं खुद जा कर उनको बेड तक ले गया और उनको ऑक्सीजन दिलवा कर कोराना वार्ड रूम ले गया. वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के रवि पाल ने बताया कि पिछले 08 मई से यह हेल्प डेस्क सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक हॉस्पिटल गेट के पास हमारे साथियों द्वारा लगाया जा रहा है। पलामू में ग्रामीणों की आबादी अधिक है. जानकारियां गांव तक पहुंचते-पहुंचते अपभ्रंशित होकर कोई और ही रूप ले लेती हैं. यही वजह है की गांव में आज लोग कोरोना के डर से न जांच करा रहे हैं और न ही टीका ले रहे हैं. अस्पताल तभी आ रहे हैं जब हालत अधिक खराब हो जाती है. वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के सभी साथियों ने मिलकर तय किया है कि हम लोगो को कोरोना से अनावश्यक डरने की नहीं बल्कि सतर्क रहने का संदेश देना चाहिए. हॉस्पिटल में पानी बांटना और हेल्प डेस्क लगाना उसी मुहिम का हिस्सा है। हेल्प डेस्क पर उपस्थित दिव्या भगत ने बताया की हमलोग हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को पानी दे रहे हैं, जानकारियां दे रहे हैं, मरीजों के परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं, साथ ही एक ऑक्सीजन सिलेंडर युक्त वाहन की व्यवस्था भी कर रहे हैं. गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की योजना भी है। हम यहां से तमाम जनप्रतिनिधियों से अपील करते हैं कि वो हॉस्पिटल आएं और स्थिति का जायजा लें तथा जनता को ढाढ़स दिलाएं. हेल्प डेस्क में दिहाड़ी मजदूर यूनियन के गौतम कुमार, भाकपा माले के रविन्द्र भुइयां, अखिलेश यादव, इप्टा के उपेंद्र, शैलेंद्र, एआईएसएफ के सुजीत पांडेय (विदेशी), निलेश दुबे, नीरज दुबे, आइसा के गुड्डू भुइयां, रंजीत कुमार, कंचन आरवाईए के अविनाश रंजन भी सेवा दे रहे हैं.













