
रांची/जमशेदपुर : झारखंड के मुख्यमंत्री को आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ अमिताभ कौशल ने चक्रवातीय तूफान यास का झारखंड में पड़ने वाले असर, बचाव तथा राहत को लेकर की गई तैयारियों से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके मुताबिक यह तूफान बुधवार को ओड़िशा के तटीय इलाके से टकराएगा. इसका असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है. तूफान से पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), सरायकेला-खरसांवा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा के ज्यादा प्रभावित होने की संभावना है. इन इलाकों में 90 किलोमीटर अथवा उससे ज्यादा रफ्तार से हवा चलने और कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है. यहां चक्रवातीय तूफान यास का असर 26 और 27 मई को ज्यादा पड़ेगा जबकि 28 को इसके धीमा होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत चक्रवातीय तूफान से बचाव और राहत को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां पूर कर ली है. इसके तहत अस्पतालों में बिजली और ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित नहीं हो, इसके लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है. वहीं, पेड़, खंभे और पोल आदि के गिरने से सड़कों पर आवागमन बाधित नहीं हो, इस बाबत सभी जिलों के उपायुक्त को गिरने वाले पेड़ों को हटाने के लिए पूरी व्यवस्था करने को कहा गया है. भारी बारिश के कारण कच्चे घरों को नुकसान पहुंचने की काफी आशंका है, ऐसे में लोगों को रखने के लिए शिविर की व्यवस्था की गई है. भारी बारिश से स्वर्णरेखा नदी के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति भी पैदा हो सकती है. ऐसे में अधिकारियों को इन इलाकों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है. वहीं तेज, हवा और बारिश से बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है. इस बाबत ऊर्जा विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है. इसके अलावा चक्रवातीय तूफान से होने वाले नुकसान और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अन्य सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं. इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आय़ुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव अमिताभ कौशल और सचिव अबुबकर सिद्दीकी मौजूद थे.
जमशेदपुर में प्रशासन की तैयारी, बुधवार की दोपहर से बदलेगा माहौल
जमशेदपुर के उपायुक्त ने चक्रवात तूफान ‘यास’ से जानमाल की सुरक्षा को लेकर जिलेवासियों से की अपील- तटीय इलाके या नदी किनारे रहने वाले लोग शेल्टर हाउस में शिफ्ट हो जाएं, बारिश के दौरान कमजोर दीवार, पेड़ के नीचे नहीं ठहरें, कच्चे मकान वाले लोग नजदीकी किसी सरकारी भवन( स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, पंचायत भवन) में शिफ्ट हो जाएं, तूफान के दौरान घर से बाहर नहीं निकलें, जंगल, खेत, तालाब, नदी में नहीं जाएं. जमशेदपुर के डीसी के मुताबिक, चक्रवात तूफान ‘यास’ के 26 मई बुधवार को दोपहर 1.00 बजे पूर्वी सिंहभूम ज़िला से टकराने की संभावना. शहरी क्षेत्र में लगभग एक से डेढ़ घंटे और बाद आने के आसार है. जमशेदपुर के उपायुक्त ने 26 मई को सुबह 10 बजे से पहले तूफान से ज्यादा प्रभावित होने वाले सम्भाव्य क्षेत्र के लोगों को शेल्टर हाउस शिफ्ट करने के निर्देश दिये है.
▪️तूफ़ान आने से पहले ये उपाय करें
- अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, शांतचित एवं धैर्य बनाये रखें।
- भारी व लोहे जैसे सामान को खुले में न छोड़ें।
- रेडियो, टीवी के जरिए मौसम विभाग की चेतावनी और नई सूचनाओं पर नजर रखें।
- तूफ़ान की सूचना है और यात्रा कर रहे हैं, कार में हैं तो कहीं रुक जाएं, सफ़र न करें।
- दो-तीन दिन के लिए खाने का सामान स्टॉक करके रख लें।
- ज़रूरत के लिए पानी का भी स्टॉक कर लें। पीने का पानी पर्याप्त है कि नहीं देख लें।
- इमरजेंसी के लिए मेडिकल किट रख लें।
▪️तूफ़ान आए तो ये करें - तूफ़ान ने अगर दस्तक दे दी है तो कितना भी ज़रूरी काम हो, घर से बाहर न निकलें।
- तूफ़ान आए तो घर को पूरी तरह से बंद कर लें।
- घर की बिजली बंद रखें। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न खोलें। ये आसमानी बिजली को आकर्षित कर सकते हैं।
- लैंड लाइन टेलीफ़ोन का इस्तेमाल नहीं करें, मोबाइल सुरक्षित हैं।
- पाइपलाइन और वो पाइप न छुएं जिनमें बिजली दौड़ती हो।
- पाइप से आने वाले पानी का इस्तेमाल न करें। रखा हुआ पानी ही इस्तेमाल करें।
- ठहरे हुए पानी से ही नहाएं। शावर से न नहाएं, बिजली इसके जरिए भी पहुंच सकती है, करंट आ सकता है।
- लोहे (टीन) और मेटल शीट से दूर रहें। दरवाजों, खिड़कियों से दूर रहें।
- इलेक्ट्रिक सामान से दूर रहें, मोबाइल भी चार्ज न करें। ये काम पहले ही कर लें।
- पेड़ के नीचे या उसके पास खड़े न हों। पेड़ तेज़ हवा में गिर कर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
- कार में हवा के बीच फंस गए हैं तो कार से बाहर न निकलें, हवा हल्की होने का इंतज़ार करें।
- तूफ़ान आने पर तुरंत ही स्विमिंग पूल, झील, नदी से बाहर आ जाएं।
▪️जिला/प्रखण्ड व बिजली विभाग के कन्ट्रोल रूम के संपर्क नम्बर निम्नवत हैं-
- जिला नियंत्रण कक्ष- 0657-2440111, 9431301355, 8987510050
- जमशेदपुर अक्षेस – 7004787828, 7070523814
- मानगो नगर निगम – 8709006752, 8987586386, 9771500365
- जुगसलाई नगर परिषद – 7761866441, 7979962972
- जमशेदपुर प्रखण्ड – 8825391398, 9955459571
- पटमदा प्रखण्ड – 7258915287, 9608877845
- पोटका प्रखण्ड – 9798397740, 9110117720
- गुड़ाबन्दा प्रखण्ड – 9905500900, 9835927621
- घाटशिला प्रखण्ड – 8271515939, 8789095718
- धालभूमगढ़ प्रखण्ड- 9304558615, 9955101621
- मुसाबनी प्रखण्ड- 9954344893, 8084166799
- बहरागोड़ा प्रखण्ड – 7250996698
- चाकुलिया प्रखण्ड – 8271828019
- बोड़ाम प्रखण्ड – 8541895400, 8092153325
- डुमरिया प्रखण्ड- 7462903310, 9973119320
- विद्युत प्रमंडल, जमशेदपुर 9431135915
- विद्युत प्रमंडल, घाटशिला 9431135917
- विद्युत प्रमंडल मानगो 9431135905













