
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड की काशिदा पंचायत के करनडीह गांव में बीती रात सबर टोला निवासी छोटू सबर ने अपनी भाभी सोमबारी सबर (35) पर धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया है. घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची और आरोपी छोटू सबर को हिरासत में ले लिया. वहीं जख्मी सोमबारी सबर को इलाज कराने के लिए घाटशिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सोमबारी सबर का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया है. घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि छोटू सबर ने अपनी भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया. वहीं अस्पताल में छोटू सबर से पूछने पर बताया कि ग्रामीणों ने उसकी भाभी को पीटकर जख्मी किया है. इस संबंध में पुलिस ने बताया कि छोटू सबर फिलहाल नशे की हालत में है. पुलिस छोटू सबर को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है.





