
चाकुलिया : भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह बहरागोडा विधान सभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता सरोज महापात्रा ने झारखंड सरकार के कृषि मंत्री, कृषि सचिव और उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखकर विगत दिनों आये चक्रवात तूफान याश से बहरागोड़ा विधान सभा क्षेत्र के बहरागोड़ा, चाकुलिया और गुडाबांदा प्रखंड में किसानों को हुई क्षति का मुआवजा राशि देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा विस क्षेत्र धान की फसल और सब्जी के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है. क्षेत्र में गर्मा धान की कटनी के पूर्व खेतों में जल जमाव होने के कारण किसान अपनी फसल की कटाई नही कर पाये है, पका हुआ धान खेतों में ही सड़कर नष्ट हो रहा है. ज्ञात हो कि उपरोक्त प्रखंडों के अधिकतर किसान गर्मा धान की खेती पर ही निर्भर है. धान के साथ-साथ किसान सब्जी की भी खेती कर अपने-अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. सब्जी के खेत भी जलमग्न हो जाने के कारण सब्जी नष्ट हो गया है. भाजपा नेता सरोज महापात्रा ने सरकार से अविलंब उपरोक्त प्रखंडों में सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.





