
सरायकेला: सरायकेला जिला के सदर थाना अंतर्गत चाईबासा- सरायकेला मुख्य मार्ग पर रगरगी के पास ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक 45 वर्षीय गोपी तिऊ पहाड़पुर गांव का रहने वाला था. वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था, इसी दौरान दो ट्रकों द्वारा आपस में ओवरटेकिंग के दौरान एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया तथा धक्का मारते हुए फरार हो गया. इस घटना में गोपी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हुए तथा पुलिस को सूचना दी. जहां सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही धक्का मारने वाले ट्रक को पकड़ने की कार्रवाई में जुट गई है.



