
जमशेदपुर : आज हमारा देश और जिला भयानक आपदा और त्रासदी से गुजर रहा है। सारे उद्योग, व्यापार से लेकर रोजी-रोटी छिन गयी है। जो कल तक दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे, वे खुद मदद के मोहताज हो गये हैं। कई स्वाभिमानी परिवार भूखे सोने को मजबूर हैं पर किसी के आगे हांथ नहीं फैला सकते। बड़ी संख्या में लोगों ने आत्महत्या कर मौत को गले
लगा लिया पर अपना दर्द उजागर नहीं किया। ऐसे परिवारों को हमने कोरोना के पहले लहर से आज तक 50 हजार से अधिक परिवारों तक 10 दिनों का कच्चा राशन घर घर पहुंचाया है। आज हालत उससे भी बदतर है। रेड क्रॉस, पूर्वी सिंहभूम अपने अध्यक्ष सह उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार तथा मानद सचिव विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में मार्गदर्शन में लगातार लोगों की मदद की जा रही है। (नीचे भी पढ़ें)

जो लोग आत्मसम्मान में भूखे सो रहे हैं, रेड क्रॉस सोसाइटी उन्हें मदद करना चाहती है। सोसाइटी की ओर से बताया गया है कि ऐसे परिवार रेड क्रॉस से सम्पर्क कर राशन प्राप्त कर सकते हैँ। हम आपकी पहचान गुप्त रखेंगे। इसमें किसी बिचौलिये की आवश्यकता नहीं है। जरूरतमंद बेहिचक सम्पर्क करें। परिवारों को व्यक्तिगत रूप में यह मदद दी जायेगी। सम्पर्क फोन न. 9431303933, याद रहे केवल जरूरतमंद ही सम्पर्क करें। रेड क्रॉस के इस अभियान में शामिल होने के लिए रेड क्रॉस के सभी सदस्य, नगर के समाजसेवी सादर आमंत्रित हैं। मात्र 400 रुपये प्रति फूड पैकेट देकर आप इसे गरीब जरूरतमंद के लिए प्रायोजित कर सकते हैं। रेड क्रॉस भवन में आज इस अभियान की शुरुआत रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने की तथा रक्तदान कार्यक्रम में रेड क्रॉस भवन में उपस्थित सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार गुरमुख सिंह मुखे के साथ मिलकर उन्होंने 22 लोगों को 10 दिन के कच्चा राशन का थैला दिया।




