
जमशेदपुर : सोनारी में फोनलेन सड़क बनाने की योजना और उसके नाम पर कोरोना की मार झेल रहे लोगों को उजाड़ने के लिए बनायी गयी योजना का विरोध तेज हो चुका है. सरयू राय की पार्टी भारतीय जनता मोर्चा ने इस मुद्दे को अपने हाथों में लिया है. इससे पहले सर्वे करने आयी टीम का विरोध भी भाजमो ने ही किया था. इस बीच भाजमो के जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के संयोजक मुकुल मिश्रा ने एक पत्र टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को के एमडी को भेजा है. भाजमो पश्चिम विधानसभा के संयोजक मुकुल मिश्रा ने जुस्को एमडी को मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर सोनारी दोमुहानी में सड़क चौड़ीकरण की योजना को सार्वजनिक करने की मांग की है. मुकुल मिश्रा ने बताया कि जुस्को के इंजीनियरों द्वारा सोनारी, दोमुहानी रोड के चौड़ीकरण के नाम पर 3 बार अलग-अलग नापी किया गया और वहां के स्थानीय दीवारों पर निशान लगाया गया और साथ ही कुछ जगह दुकानों को तोड़ने का भी निर्देश दिया गया. ऐसी कार्रवाई से लोगों में भय और आतंक का माहौल है और लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि यहां क्या हो रहा है. इस कारण जनहित में एवं जनता की जानकारी के लिए दोमुहानी मेन रोड में फोरलेन निर्माण के संबंध में निम्नलिखित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है. मुकुल मिश्रा ने आग्रह किया है कि इन सब बातों को सार्वजनिक किया जाये और अगर यह कार्य जनहित में हो रहा है तो स्वाभाविक है, जनता को इसकी जानकारी होनी चाहिए ताकि सोनारी की जनता भी आपके अच्छे कार्यों में पूर्व की भांति साहयोग कर सके और कहीं अगर गलत हो रहा है तो आपको सुझााव दे सके. ऐसे जनउपयोगी कार्यों में जनता के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी आपको सुझाव लेना चाहिए. (नीचे देखे क्या है सवाल)
- सड़क का स्वरूप क्या होगा? सड़क का निर्माण कहाँ से कहाँ तक होगा, सड़क की चैड़ाई क्या होगी. इसकी जानकारी सार्वजनिक किया जाये ताकि लोगों में उहापोह की स्थिति में ना रहें तथा भय और आतंक की स्थिति ना बने.
- यदि वहां फोर लेन बनता है तो सड़क किनारे लगने वाले दुकानों के लिए कंपनी की तरफ से क्या व्यवस्था होगी ?
- इस कार्य में कितने मकान, दुकान एवं अपार्टमेंट इसकी जद में आएगा और इसकी वैकल्पिक व्यवस्था क्या होगी?
- सोनारी आवासीय क्षेत्र है, आखिर वहां फोरलेन सड़क निर्माण की आवश्यकता क्यों पड़ गयी. क्या व्यवसायिक वाहनों एवं बड़ी गाड़ियों के परिचालन के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है. यदि ऐसा है तो शंतिप्रिय सोनारी जैसे क्षेत्र में ट्राफिक व्यवस्था व्यस्त हो जाएगी और वहां हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी.




