
जमशेदपुर:जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत शिव मंदिर लाइन में इन दिनों एक नंगा चोर घूम रहा है. इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने उलीडीह थाने में की पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर मामले की जानकारी भाजपा नेता विकास सिंह को दी गई. शनिवार को भाजपा नेता ने कार्रवाई को लेकर उलीडीह थाने में प्रदर्शन किया. फिलहाल थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. पीड़ित गीता सिंह ने बताया कि शिव मंदिर लाइन में 21 जुलाई को एक चोर उनके घर पर पीछे की ओर से घुसा था. चोर ने खिड़की दरवाजे तोड़ दिए पर अंदर नहीं घुस पाया. चोर अपने साथ खिड़की तोड़कर ले गया. उसने 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी थी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में शिकायत करने को कहा. थाना पहुंचने पर पुलिस ने कहा कि छोटी मोटी चोरी ही है और शिकायत नहीं ली. दूसरे दिन उनके पड़ोस में वही चोर नंगा होकर घुस गया. पड़ोसी के घर पर उनकी बेटी भी रहती है. उनकी बेटी ने चोर को देखकर चिल्लाया तो वो वहां से भाग गया. वे सभी एक चोर को पहचानती है. उसका नाम आकाश है. उन्होंने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर उन्होंने विकास सिंह को मामले की जानकारी दी.




