
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बीती रात से ही बारिश हो रही है. इस दौरान आसमान में घने बादल छाए हुए है. इसे लेकर मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था. मौसम विज्ञान विभाग के अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरीडीह, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात और इन इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और कोडरमा के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान राज्य में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. अगले तीन दिन मौसम का यही रूख रहेगा. गौरतलब है कि बीते गुरुवार को भी जमशेदपुर समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रही. इस दौरान जमशेदपुर में 29.1 एमएम बारिश दर्ज की गई. वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा.






