
जमशेदपुर : सरजामदा मौजा स्थित प्लॉट संख्या 268 (श्मशान घाट की जमीन) को चिह्नित कर सीमांकन करने की ग्रामीण मांग कर रहे हैं. इसे लेकर ग्रामीण शुक्रवार को स्थानीय अंचलाधिकारी के कार्यालय पहुंचे. वहां ज्ञापन सौंप कर श्मशान भूमि को चिह्नित कर सीमांकन करने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थान पर सरजामदा, शंकरपुर, सोपोडेरा के 20 टोला के आदिवासी-मूलवासी अपने पूर्वजों को जलाते एवं दफनाते आ रहे है. इस जमीन का कुछ भाग खाली होने के कारण भविष्य में जमीन का अतिक्रमण होने की आशंका बनी रहती है. इस कारण भविष्य मे टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. बताया गया है कि पिछले 29 मार्च को सरजामदा गिरजा टोला माझी बाबा आखाड़ा में संयुक्त ग्राम सभा द्वारा प्रस्ताव पारित कर उक्त भूखंड पर किसी भी हाल में अतिक्रमण नहीं होने देने का निर्णय लिया गया था. साथ ही यह भी निर्णय लिया गया था कि उक्त जमीन को श्मशान घाट के रूप में चिह्नित कर उसकी अविलंब घेराबंदी की जायेगी.




