
धनबाद : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के छात्र और छात्राओं को फेल करने का मुद्दा गर्माता जा रहा है. शुक्रवार को धनबाद जिले में इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता धनबाद के डीसी ऑफिस के अंदर में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे. इसी दौरान छात्र-छात्राएं डीसी ऑफिस के गेट के सामने पहुंचे और नारेबाजी करने लगे. वे लोग परीक्षा में फेल हुए छात्र-छात्राओं को पास करने की मांग कर रहे थे. (नीचे पूरी खबर पढ़ें)

गुस्सायी छात्राएं डीसी ऑफिस के मेन गेट के अंदर चली गयी थी. नारेबाजी जोरदार होने लगी. सभी छात्राएं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, उपायुक्त से लेकर झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी. स्वास्थ्य मंत्री अंदर में बीस सूत्री की बैठक कर रहे थे क्योंकि वे ही धनबाद जिले के बीस सूत्री प्रभारी मंत्री है. इस दौरान डीसी ऑफिस के गेट पर हंगामा होता देख वहां के एसडीओ वहां पहुचे और वहां बाहर में पुलिस की मदद से लड़कियों को खदेड़ दिया. सबकी लाठियों से पिटाई की गयी. कांफ्रेंस हॉल के पास से छात्र-छात्राओं को खदेड़ा गया और लाठियां भांजी गयी. इस दौरान कई छात्र घायल भी हो गये जबकि कुछेक लड़कियां बेहोश भी हो गयी. वे लोग रिजल्ट का विरोध कर रहे थे.






