
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा में विधायक सरयू राय की अनुशंसा पर बन रही रोड को स्थानीय लोगों ने रोक दिया. सिदगोड़ा शिव सिंह बस्ती के बीच से सड़क बनायी जा रही थी. बताया जाता है कि सड़क निर्माण को लेकर लोगों की डिमांड थी कि शुरुआत से सड़क को बनायी जाये, लेकिन संवेदक और वहां के कुछ स्थानीय दबंगों द्वारा उस सड़क के निर्माण को बीच से ही बनवाने की कोशिश की जा रही थी. इसको लेकर हंगामा शुरू हो गया. लोगों का कहना है कि एक सिलसिलेवार तरीके से सड़क को बनायी जाये. बीच में सड़क बना दी जा रही है जबकि शुरुआत की सड़क के हिस्से को बनाने से रोक दिया जा रहा है. लोगों ने हंगामा किया. स्थानीय निवासी राजेश तिवारी ने बताया कि गलत तरीके से इस तरह सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. विधायक सरयू राय के नाम को बदनाम करने की यह साजिश के सामान है क्योंकि उनके रहते गलत तो नहीं हो सकता है. ऐसे में इस तरह के सड़क के निर्माण को रोका गया है. जब सक्षम अधिकारी या खुद विधायक सरयू राय देखेंगे और उसका कोई ठोस नतीजा निकलेगा, तब काम शुरू किया जायेगा. इधर, सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि हरेराम सिंह ने बताया कि बचे हुए हिस्से को बाद में बना दिया जायेगा. पहले नीचे बनाने की बात कहीं गयी है, लेकिन कुछ लोग विरोध कर रहे है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण में अनियमितता है. सही तरीके से इसको बनाये जाने की जरूरत है.





