
जमशेदपुर : जमशेपदुर की बागबेड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बागबेड़ा लाल बिल्डिंग के पास छापेमारी कर एक ऑटो से महुआ शराब बरामद किया है. हालांकि इस मामले में ऑटो चालक को पुलिस नही पकड़ पाई. चालक ऑटो को छोड़कर फरार हो गया. इधर पुलिस ऑटो को जब्त कर थाने ले गई. जब ऑटो की जांच की गई तो उसमे 14 बोरी में रखे 17 ट्यूब के अंदर महुआ शराब बरामद किया गया. पुलिस ने इस मामले में ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल बिल्डिंग होते हुए महुआ शराब की तस्करी हो रही है. इसके बाद देर रात पुलिस ने एक टीम बनाकर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान एक ऑटो वाला मौके पर पहुंचा पर पुलिस को देखकर वह ऑटो छोड़ फरार हो गया. जांच के क्रम में ऑटो से महुआ बरामद किया गया.





