
पटमदा : बुद्धिजीवी मंच पटमदा की ओर से रविवार को पटमदा थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों को उनकी सक्रियता एवं सफलता के लिए बधाई देते हुए एक समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। मौके पर पटमदा के सर्किल इंस्पेक्टर हीरालाल महतो ने कहा कि हमलोगों ने सर्विस में आने के बाद प्रशिक्षण के दौरान कही गई बातों को मंत्र मानकर काम किया, जिसमें बताया गया था कि देर असंतोष का कारण है जो आपके अंदर और समाज में फैल सकता है। सूचना सही और गलत दोनों ही मिलती है, लेकिन उसमें सक्रियता दिखाते हुए सत्यापन करने की जरूरत है। आज आप हमारी कार्यकुशलता को देखते हुए संतुष्ट हुए और सम्मनित करने आये यह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के इस कार्यक्रम से आपलोगों की मानसिक ऊंचाई प्रदर्शित हो रही है। एक सेमिनार में बताया गया था कि थाना एक ऐसा जगह है, अगर सही काम करें तो सुप्रीम कोर्ट से भी अच्छा न्याय दे सकता है। इसलिए थाना अगर सजग रहे तो बढ़िया परिणाम दे सकते हैं। पटमदा थाना प्रभारी अशोक राम ने कहा कि हमलोगों ने एसएसपी और डीएसपी के मार्गदर्शन में लगातार सक्रियता दिखाते हुए सफलता हासिल की है। (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि बामनी में हुई घटना में जिस तरह से पिकअप वैन के चालक ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाश का सामना किया यह प्रशंसनीय है इसलिए जनता का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बुद्धिजीवी मंच द्वारा पटमदा में बेहतर कार्य किया जा रहा है और पिछले दिनों उनके आग्रह पर एक साथ 6 स्मार्टफोन उपलब्ध कराया था। कमलपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि बड़ासुसनी में हुई लूटकांड की सूचना मिलने के 15 मिनट के अंदर हमलोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और उस मामले को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए एक टीम वर्क के तहत जनसहयोग से मामले का उद्भेदन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की। उन्होंने मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। मंच के अध्यक्ष गोपाल कुमार ने कहा कि जिस तरह से शुक्रवार को हुई अपराध की घटना के बाद क्षेत्र में भय का वातावरण कायम होने लगा था पुलिस अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से अब लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ने लगा है और लगा कि हम अब भी सुरक्षित हैं। (नीचे भी पढ़ें)

मंच सक्रिय सदस्य चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक दबाव के 24 घंटे के अंदर बोड़ाम एवं पटमदा थाना क्षेत्र में हुई अपराध की घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को जेल भेजने से जहां लोगों का विश्वास बढ़ा है व अपराधियों का भी मनोबल गिरा है। कार्यक्रम में सक्रिय सदस्य जगदीश प्रसाद मंडल, दिलीप पोद्दार, सचिव कल्याण कुमार गोराई, मंटू चरण दत्त एवं विजय कुमार मंडल ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान प्रदीप पैड़ा, निरंजन रजक, दीपक कुमार वर्मा व देवनाथ दास समेत अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मंटू चरण दत्त एवं धन्यवाद ज्ञापन विजय कुमार मंडल ने किया। इस दौरान मुख्य रूप से इंस्पेक्टर हीरालाल महतो, पटमदा थाना प्रभारी अशोक राम, कमलपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह, बोड़ाम थाना के अवर निरीक्षक अभय कुमार, पटमदा के अवर निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, अरूण कुमार, अगस्टीन लुगुन व चालक सुबोध कुमार को माला पहनाकर स्वागत व सम्मानित किया गया।











