
चाकुलियाः पश्चिम बंगाल सीमा से सटे चाकुलिया प्रखंड के बरड़ीकानपुर-कालापाथर पंचायत के पहाड़ों से घिरा और पहाड़ के तलहटी पर बसा मधुपुर गांव के वन सुरक्षा समिति के सदस्यों का मेहनत रंग लाता दिख रहा है. वन सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा लगातार गांव से सटे पहाड़ों पर स्थित साल जंगल में लगातार पहरेदारी करने के कारण दोबारा पहाड़ों पर जंगल हरा भरा हो गया है. जंगल में चारों और हरियाली है और पहाड़ की वादियां इन दिनों लोगों को खूब अपनी और आकर्षित कर रही है. (नीचे भी पढ़े)
वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न मुंडा और सचिव चंडी चरण मुंडा के नेतृत्व में गांव के पुरुष और महिलाएं समय-समय पर जंगल में जाकर पेड़ों की सुरक्षा के लिए पहरेदारी करते हैं. वन समिति के सदस्यों के मेहनत के कारण और वन विभाग के अधिकारियों के सहयोग के कारण ही मधुपुर गांव स्थित वीरान पड़ी पहाड़ पर फिर से साल जंगल लहलहा रही है. समिति के सदस्यों ने बताया कि विगत 7-8 वर्षों से वन समिति के सदस्य जंगल में पहरेदारी कर रहे हैं जिस कारण अब जंगल से ग्रामीणों द्वारा पेड़ की कटाई पर प्रतिबंध लगाया जा सका है. (नीचे भी पढ़े)

पेड़ कटाई बंद होने के कारण ही दोबारा पहाड़ साल जंगल से हरा भरा हो पाया है. वन समिति के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण और वृक्ष कटवा गिरोह द्वारा पहाड़ पर वर्षों पूर्व इस कदर साल पेड़ों की कटाई की गई थी कि पूरा पहाड़ जंगल विहीन हो गया था और पहाड़ पर सिर्फ पेड़ की ठूंठ ही दिखता था. पहाड़ पर कुछ ही साल पेड़ बचे थे. कहा कि विगत दिनों पद्मश्री जमुना टुडू ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर वन संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक कर वन समिति का गठन किया. पद्मश्री से प्रेरणा लेकर गांव के ग्रामीण समिति से जुड़कर मधुपुर गांव से सटे पहाड़ों पर बचे साल पेड़ के संरक्षण के लिए पहरेदारी करनी शुरू कर दी. ग्रामीणों के सहयोग और समिति के मेहनत के कारण ही पहाड़ पर दोबारा हरियाली लौट आयी है.













