
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) का वार्षिक जेडीसी का आयोजन किया गया. इस जेडीसी में मुख्य अतिथि के तौर पर टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट के वाइस प्रेसिडेंट चैतन्य भानु और विशिष्ट अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी मौजूद थे. इस दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर सरोज पांडेय ने सवाल उठाया कि काफी दिनों से यह सुन रहे है कि कर्मचारियों का अपना घर होगा. इसकी क्या स्थिति है. (नीचे भी पढ़े)

इस पर टाटा स्टील के चीफ एडमिनिस्ट्रेशन वरुण बजाज ने बताया कि एमडी के स्तर पर एक कमेटी बनायी गयी है. इसमें यूनियन के टॉप तीनों पदाधिकारी को जगह दी गयी है. इन तीन पदाधिकारियों के अलावा कंपनी के आला अधिकारी भी है. इसको लेकर अपना घर बनाने की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है. कमेटी मेंबर घनश्याम पांडेय ने कहा कि टीएमएच में पार्किंग की समस्या है. इस समस्या को दूर करने की जरूरत है.

इस पर टीएमएच की वरीय चिकित्सक डॉ ममता कुमारी ने कहा कि इसकी संभावनाओं को देखा जा रहा है. पार्किंग को कैसे बेहतर किया जा सकता है, इसको लेकर भी कोशिश हो रही है. इस दौरान सीआरएम के प्रोडक्शन, सेफ्टी और क्वालिटी पर चर्चा की गयी. मैनेजमेंट के अधिकारियों ने इस पर संतोष जताया कि प्लांट का प्रोडक्शन काफी बेहतर है. सेफ्टी और प्रोडक्शन की क्वालिटी भी बेहतर है.












