
जमशेदपुर : आगामी 23 दिसंबर को विधायक सरयू राय के जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से विजय के दो वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस उपलक्ष्य में भारतीय जनतंत्र मोर्चा जमशेदपुर महानगर के द्वारा एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में क्षेत्र में जनकल्याण के उद्देश्य से श्री रामचरित मानस के सुंदरकांड के सस्वर महापाठ का आयोजन किया जा रहा है. यह जानकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष राम नारायण शर्मा व व जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दी. वे यहां पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने बताया कि इस महापाठ में शहर के विभिन्न पूजा स्थलों से जल कलश का मंडल केंद्रों पर एकत्र कर पाठ स्थल तक पहुंचाया जाएगा. तत्पश्चात सुंदरकांड महापाठ का अनुष्ठान का आरंभ होगा. पूजा स्थल मंदिर समितियां, पूजा अनुष्ठान कराने वाले पुरोहितगण तथा सस्वर पाठ करने वाले विशेषज्ञ समूह भी कार्यक्रम का अंग होंगे. सुंदरकांड के महापाठ के उपरांत महाप्रसाद का वितरण भी कार्यक्रम स्थल पर किया जाएगा. साथ ही विधायक सरयू राय क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए उनका आभार प्रकट करेंगे. जनकल्याण के लिए श्री हनुमान जी का आवाहन करना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है. कार्यक्रम में शहर के सभी वर्गों के लोग, महिला, युवा, बुजुर्ग सहित अन्य सभी से सम्मिलित होने का आग्रह किया जाएगा और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों तक आमंत्रण पत्र पहुंचाएंगे. कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु एक आयोजन समिति का गठन किया गया है जिसमें पार्टी के तमाम पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल के कार्यकर्ताओं, विधायक प्रतिनिधियों एवं सरयू राय समर्थकों के बीच जिम्मेवारी बांटी गयी है. संवाददाता सम्मेलन में विधायक प्रतिनिधि (व्यवसायी मामलों) व महानगर प्रवक्ता आकाश शाह समेत अन्य उपस्थित थे.





