
जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. इन दिनों पूरा झारखंड शीतलहर की चपेट में है. ठंड व शीतलहर के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बीते मंगलवार को जमशेदपुर का न्यूनतम पारा 6.8 डिग्री दर्ज किया गया. जो दिसंबर माह का सबसे कम न्यूनतम पारा रहा. वहीं बोकारो का न्यूनतम पारा 5.1 डिग्री, डालटनगंज का पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस, हजारीबाग का तापमान 6.4 डिग्री, रांची का तापमान 7.0 डिग्री और चाईबासा का तापमान 7.6 डिग्री रहा. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक अगले 48 घंटों तक राज्य में ठंड का कहर जारी रहेगा. इसके पश्चात तापमान में दो से चार डिग्री तक की वृद्धि होगी. उन्होंने बताया कि उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही सर्द हवाओं के चलते राज्य के दक्षिणी भाग में ठंड का ज्यादा असर दिखा. पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर शीतलहर महसूस होगी. (नीचे भी पढ़ें)
जानें गुरुवार को कैसा रहेगा आपके जिला का पूर्वानुमान तापमान-
वहीं पूर्वानुमान तापमान में बताया गया है कि कल यानी गुरुवार को डालटनगंज, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग और कोडरमा में न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ में नौ और राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम समेत शेष जिलों में न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगी.




