
जमशेदपुर : छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा महंत कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी एवं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए गए मुकदमे के विरोध में हिंदू जागरण मंच जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष बलवीर मंडल व कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताते हुए छत्तीसगढ़ सरकार का पुतला दहन किया। उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह के अमर्यादित बयान और सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाले बयान का समर्थन नहीं करते हैं, परंतु और भी कई समुदाय और राजनेताओं के द्वारा समाज के महापुरुषों एवं धर्म विरोधी विवादित बयान दिए जाते हैं और कई तरह के अपशब्द कहे जाते हैं, परंतु उन पर कार्रवाई नहीं की जाती है। लेकिन हिंदू संतों, महंतों की कही बातो पर सरकार अपराधियों की तरह कार्रवाई करती है। मंच इसका पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि सरकार महंत कालीचरण महाराज पर गलत तरीके से दर्ज मुकदमे वापस ले और उनके द्वारा दिए गए बयान की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, तब कोई कार्रवाई करें। इस तरह की एकतरफा कार्रवाई का मंच कड़ा विरोध करता है।






