जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भाजपा की नीतियों के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया. प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर, सिर पर काली पगड़ी बांधकर और बांह पर काली पट्टी लगाकर विरोध जताया.(नीचे भी पढ़े)

प्रदर्शनकारियों ने‘वोट हमारा,अधिकार हमारा, जबरदस्ती बंद करो’और ‘वोट की लूट नहीं होने देंगे, लोकतंत्र की रक्षा करते रहेंगे’जैसे नारों वाली तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों पर दबाव बढ़ रहा है. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की विश्वसनीयता और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि मतदाताओं का लोकतंत्र पर विश्वास कायम रहे.(नीचे भी पढ़े)
कांग्रेस नेताओं ने कथित चुनावी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. साथ ही संबंधित चुनाव अधिकारी गणेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई. परविंदर सिंह ने केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और देश के संसाधनों का इस्तेमाल चुनिंदा पूंजीपतियों के हित में करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है. राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इन मुद्दों को सड़क से संसद तक उठा रही है.उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी के आदर्शों का उल्लेख करते हुए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया. साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.




