घाटशिला: घाटशिला प्रखंड की कालचिती पंचायत अंतर्गत दीघा टोला के छतरडांगा स्थित सबर बस्ती में 17 सरकारी आवास जर्जर अवस्था में पाये गये हैं. इनमें पांच प्रधानमंत्री आवास, पांच बिरसा आवास और सात इंदिरा आवास शामिल हैं. आवासों की खराब स्थिति को लेकर शिकायत मिलने के बाद प्रखंड प्रशासन की संयुक्त टीम ने जांच की. रिपोर्ट में कई आवासों की मरम्मत की आवश्यकता बतायी गयी है.घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय से पांच अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक 1363 के साथ संलग्न जांच रिपोर्ट के अनुसार, 28 सितंबर को प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कनीय अभियंता और प्रखंड समन्वयक (आवास) ने संयुक्त रूप से बस्ती का निरीक्षण किया था. जांच में वर्ष 2019-20 में निर्मित पांच प्रधानमंत्री आवासों की दीवारों में दरारें मिलीं.(नीचे भी पढ़े)
वहीं, पांच बिरसा आवासों की छतों की स्थिति खराब पायी गयी. इसके अलावा सात इंदिरा आवास भी जर्जर अवस्था में मिले.इस मामले में मार्शल मुर्मू ने सीपीग्राम जनशिकायत पोर्टल पर शिकायत संख्या GOVJH/E/2026/0007068 के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था. शिकायत में सबर परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने तथा जर्जर सरकारी आवासों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गयी थी.संयुक्त जांच रिपोर्ट में आवासों की मरम्मत की जरूरत सामने आयी है, लेकिन सभी 17 आवासों की मरम्मत, पुनर्निर्माण या नये आवास की स्वीकृति को लेकर अब तक किसी अंतिम आदेश का उल्लेख नहीं है. ऐसे में प्रभावित सबर परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी.




