
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत एयरपोर्ट के पास एक तेज रफ्तार कार साइकिल सवार को धक्का मारने के बाद कुचलते हुए मौके से फरार हो गयी. इस घटना में साइकिल सवार सोनारी झाबरी बस्ती निवासी 69 वर्षीय बी गणेश राव गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद बी गणेश राव को स्थानीय लोगों ने एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना बीती रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है. बताया जाता है कि बी गणेश राव सिक्यूरिटी गार्ड का काम करते थे. वह अपने घर से ड्यूटी के लिए बिष्टुपुर जा रहे थे. इस मामले में मृतक के बेटे बी सोनू राव ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. बी सोनू राव ने पुलिस को बताया कि उनके पिता बिष्टुपुर की ओर जा रहे थे. रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और घसीटते हुए काफी दूर तक ले गयी. घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक सोनारी की ओर फरार हो गया.














