
जमशेदपुर : शनिवार को जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह बागुनहातु स्थित श्रीश्री सार्वजनकि काली मंदिर के पुजारी द्वारा आत्महत्या किये जाने के बाद आज बस्तीवासियों ने शव के साथ घंटों बवाल काटा. बस्तीवासी पुजारी की मौत के पीछे मंदिर कमेटी को जिम्मेदार ठहरा रहे थे. बस्तीवासियों ने प्रदर्शन के दौरान पुजारी के शव का दाह- संस्कार कराने और श्राद्ध का खर्चा मंदिर कमेटी से वहन करने की मांग कर रहे थे. साथ ही पुजारी की विधवा को गुजारा भत्ता देने की भी मांग कर रहे थे. उधर मामले की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह कड़ी मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया. हालांकि कमेटी की ओर से दाह- संस्कार के लिए 20 हजार का सहयोग दिया गया. साथ ही श्राद्धकर्म में और भी सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया. बस्तीवासियों ने बताया कि पुजारी पिछले 30- 35 सालों से नियमित रूप से मंदिर में अपनी सेवा दे रहे थे. उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. पूरे क्षेत्र में उनकी अलग छवि थी. उन्होंने आत्महत्या क्यों की यह जांच का विषय है.





