
जमशेदपुर : मानगो उलीडीह थाना अंतर्गत नया सुभाष कॉलोनी रोड नंबर 1 में इन दिनों चोरों ने आतंक मचा रखा है। बीती रात की घटना इसका उदाहरण है। चोर घर में चोरी करने के लिए नहीं घुस पाए तो बिजली के खंभे से घर तक पहुंचे तार को ही चोरी करके ले गए। स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी। मानगो नया सुभाष कॉलोनी रोड नंबर 1 के अंतिम छोर में रहने वाली कांति देवी एवं ममता हलदर के घर का बिजली खंभे से घर तक पहुंचे हुए तांबे की तार को चोर काटकर रात को चोरी कर ले गए। मौके में पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने उलीडीह थाना प्रभारी को मामले की सूचना दी और गश्ती बढ़ाने की बात कही। ममता हलदर और कांति देवी अपने घर में रात को सोई हुई थीं। सुबह जब उठीं तो उनके घर में बिजली नहीं थी। तब उन्हें लगा कि विभाग के द्वारा बिजली काटी गई है। बहुत देर तक बिजली नहीं आने पर जब बाहर निकलीं, तो देखकर दंग रह गई। बिजली के खंभे से लेकर उनके घर तक का जो तार था, उसे चोरों ने चोरी कर लिया। विकास सिंह को महिलाओं ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। ऐसा तीन बार पूर्व में भी हो चुका है। अगल-बगल कैमरे नहीं लगे रहने का लाभ चोर ले रहे हैं। विकास सिंह ने कहा कि नशा करने वाले गिरोह का यह काम है। पुलिस गश्ती और टाइगर मोबाइल की गश्ती कम होने के कारण चोरी की घटना बढ़ रही है।




