
रांची : झारखंड में जमशेदपुर समेत तमाम 7 जिलों में भी स्कूलों को खोल दिया जायेगा. बताया जाता है कि अगले सप्ताह से इन सारे सात जिलों के स्कूलों को खोलने को लेकर फैसला लिया जा सकता है. केंद्र सरकार की ओर से यह सुझाव दिया गया है कि जिस जिले में संक्रमण दर 5 फीसदी से कम है, वहां स्कूलों को पूरे तौर पर खोला जा सकता है. अभी राज्य में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, चतरा, देवघर और सरायकेला-खरसावां जिले के अलावा सिमडेगा में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के क्लास नहीं चल रहे है. इन सात जिलों में कक्षा 9 से ऊपर के स्कूल और कॉलेजों को खोला गया है. झारखंड के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किये गये रिपोर्ट के मुताबिक, रांची में 1.02 फीसदी संक्रमण दर है जबकि जमशेदपुर का संक्रमण दर 3.13 फीसदी तक पहुंच चुका है जबकि सरायकेला-खरसावां जिले के 0.14 फीसदी संक्रमण दर है. सिमडेगा में 3.19 फीसदी संक्रमण दर है जबकि बोकारो का 0.58 फीसदी और चतरा का 0.60 फीदी हो चुका है. देवघर जिले का संक्रमण दर 0.40 फीसदी हो चुका है. साप्ताहिक संक्रमण दर को लेकर जारी रिपोर्ट मेंन भी यह बताया गया है कि 24 से 30 जनवरी और 10 से 16 जनवरी के मुकाबले संक्रमण का दर काफी कम हो चुका है. ऐसे में इन जिलों में अब सारी परिस्थितियां है, जहां स्कूलों को खोला जा सकता है. आपको बता दें कि पिछले दिनों झारखंड सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों को सारे 17 जिलों में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई शुरू करा दी थी, लेकिन कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई सिर्फ सात जिलों में कराने को कहा गया था, जिसमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, चतरा, देवघर, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिला शामिल है. इसके बाद से लगातार यह डिमांड किया जा रहा था कि सारे स्कूलों के सारे कक्षा को चालू करा दिया जाये, लेकिन इसको शुरू नहीं किया गया. अब चूंकि, संक्रमण दर काफी नीचे चला गया है, इस कारण इन जिलों में भी स्कूलों को खोलने को लेकर फैसला लिया जा सकता है. इस सप्ताहांत तक आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक होगी, जिसमें तय होगा कि इन सात जिलों के सारे कक्षा को चालू कराया जाये या नहीं. वैसे कारोबारी यह डिमांड कर रहे है कि रात 8 बजे के बाद लगायी गयी बंदिशों को भी समाप्त कर सबको सामान्य कर दिया जाये.




