सरायकेला-खरसावां: कपाली नगर परिषद के वार्ड संख्या-14 स्थित एकरा एकेडमी स्कूल के पास सरकारी जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. बारिश के चलते खुदाई वाली सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में बदल गई है, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है. शुक्रवार कि रात सड़क की बदहाली उस समय सामने आई, जब सिल्वर रंग की इंडिका कार (जेएच 05एपी-1897) इस रास्ते से गुजरते समय दलदल में धंस गई. कार का पहिया गहरे कीचड़ में फंसने के बाद वाहन बीच सड़क पर ही रुक गया. आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और काफी देर तक वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में नहीं लौटाया गया. नतीजतन, बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है और पूरी सड़क कीचड़ से लथपथ हो जाती है. इससे वाहन चालकों के अलावा पैदल आने-जाने वालों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. वार्ड पार्षद मुमताज अंसारी ने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार को कई बार सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया गया. निरीक्षण के बावजूद अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है.

उन्होंने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन एकरा एकेडमी स्कूल के छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गुजरते हैं. सड़क पर फैले कीचड़ के कारण कई लोग फिसल चुके हैं और बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी कठिनाई हो रही है. यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा कपाली नगर परिषद से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.




