रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के रोलाडीह हाई स्कूल में सोमवार को प्रार्थना के दौरान चक्कर आने से जमीन पर गिर गयी. उसके बाद एंबुलेंस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन जब एंबुलेंस नहीं पहुंची तो स्कूल के शिक्षक निजी वाहन से उसे राजकीय अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन यहां भी उन्हें एंबुलेंस नहीं मिली. परिजन शिक्षकों की मदद से निजी वाहन कर सदर अस्पताल ले गये. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह रोलाडीह हाई स्कूल में रोज की तरह प्रार्थना हो रही थी. उसी दौरान कक्षा नौवीं की छात्रा जैस्मीन हांसदा बेहोश होकर जमीन पर गिर गई. इसके तुरंत बाद स्कूल के शिक्षक 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए फोन करते रहे, लेकिन घंटों बाद भी नहीं पहुंची तो स्कूल के शिक्षक और परिजन एक निजी वाहन से चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. लेकिन छात्रा की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे चाईबासा रेफर कर दिया. यहां भी उसे चाईबासा ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली, तो एक निजी वाहन से उसे चाईबासा ले जाया गया. छात्रा चक्रधरपुर प्रखंड के सर्जमहातु गांव निवासी बिरसा हांसदा की बेटी है. उसे किस कारण से चक्कर आया, समाचार लिखे जाने तक यह पता नहीं चल पाया है. (नीचे भी पढ़ें)
एंबुलेंस के लिए फोन किया गया लेकिन नहीं मिली : शिक्षक
रोलाडीह हाई स्कूल के शिक्षक मोहन कुमार ने बताया कि जब छात्रा बेहोशी की हालत में थी, तब 108 नंबर पर फोन करते रहे, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिली. उसके बाद उसे निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया. वहां से भी डॉक्टरों ने उसे चाईबासा रेफर कर दिया, लेकिन यहां भी एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण उसे एक प्राइवेट गाड़ी से निजी खर्च पर चाईबासा भेजा गया.





