धनबाद : धनबाद के झरिया स्थित पाथरडीह मोहन बाजार स्टेशन के बगल में खड़ी ट्रेन की बोगी में भयंकर आग लग गई. इससे ट्रेन की बोगी जलकर खाक हो गई. जानकारी के अनुसार यार्ड में खड़ी एक सवारी ट्रेन की बोगी में अचानक आग लग गई. इससे ट्रेन की बोगी धू-धूकर जलने लगी और जलकर पूरी तरह खाक हो गई.फिलहाल आग लगने का कारणों का पता नहीं चल सका है. वहीं रेलवे अधिकारी घटना की जांच में जुटे हुए हैं. दूसरी ओर पूर्व मध्य रेलवे जीएम अनुपम शर्मा कोल ट्रांसपोटेशन की समीक्षा करने धनबाद पहुंचे हुए हैं. रेलवे के सभी वरीय अधिकारी बैठक में शिरकत कर रहे हैं. उधर अगलगी की घटना हो गई. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
जानकारी के अनुसार स्टेशन के यार्ड में विगत कई महीनों से ट्रेन खड़ी थी. ट्रेन के दो-तीन बोगी में अचानक आग लग गई. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. आग लगने के बाद स्टेशन पर खड़े सभी रेलवे अधिकारी मूकदर्शक बनकर देखते रह गए. अग्निशमन विभाग भी मौके पर नहीं पहुंचा. तब तक ट्रेन जलकर खाक हो चुकी थी. सूत्रों के अनुसार ट्रेन विगत कई महीनों से यार्ड में खड़ी थी और आग लगने की घटना असामाजिक तत्वों की करतूत हो सकती है. फिलहाल इस पूरे मामले में कोई भी रेलवे अधिकारी कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं. इस घटना के बाद समाचार लिखे जाने तक कोई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं.




