जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस के भाजपा नेता विकास सिंह के घर देर रात पहुंचने एवं उनके परिजनों को प्रताड़ित करने को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है. इसको लेकर विभिन्न संगठनों के लोगों का विकास सिंह के घर पहुंच कर उनके परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिलाने का सिलसिला गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. लोगों में विकास सिंह के घर किसी आतंकवादी या पेशेवर अपराधी की तरह देर रात छापामारी किये जाने को लेकर गुस्सा है.(नीचे भी पढ़ें)

विकास सिंह के घर पहुंच रहे लोगों ने उनकी पत्नी से मुलाकात कर उनकी हिम्मत बढ़ाई एवं हर हाल में उनके साथ रहने का भरोसा दिलाया. अखिल भारतीय क्षत्रिय संघ व झारखंड क्षत्रिय संघ के करीब दो सौ सदस्य क्रमशः चंद्रगुप्त सिंह व शंभु सिंह के नेतृत्व में विकास सिंह की पत्नी एवं बच्चों से मिले एवं उनसे मामले की जानकारी ली. उन्होंने प्रशासन की बर्बरता की निंदा करते हुए उस पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा आये दिन सड़क पर अपराधियों के तांडव के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है. जबकि लगातार सड़कों पर राजनीतिक-सामाजिक कार्य करनेवाले विकास सिंह के घर पर रात में छापामारी की जाती है, जो कहीं न कहीं पुलिस की गंदी मानसिकता बताती है. प्रतिनिधिमंडल ने डीसी से मिलकर उनके समक्ष भी अपनी बातें रखी.(नीचे भी पढ़ें)
उधर पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार व महामंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर पश्चिम विस क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों व पदाधिकारियों के साथ पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी उनके घर पहुंच कर उनके साथ पार्टी की एकजुटता प्रदर्शित की. विकास सिंह की पत्नी पूनम सिंह ने कहा कि उन्हें पता नहीं था कि उन्हें इतने लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है. वह तो खुद को अकेला महसूस कर रही थीं. विकास सिंह के घर पहुंचनेवाले मुख्य लोगों में चंद्रगुप्त सिंह, शंभु सिंह, राजन सिंह, नंदकिशोर सिंह, दिनेश कुमार, राकेश सिंह, मोहम्मद निसार, अमरिंदर पासवान, अमरजीत सिंह राजा, प्रो यूपी सिंह, मंजू सिंह, कविता परमार, राजीव सिंह, लालचंद सिंह, अमर सिंह, विनय सिंह, मृत्युंजय सिंह, महानगर आजसू अध्यक्ष कन्हैया सिंह, अनूप सिंह, संजय तिवारी, बॉबी सिंह, संजय सिंह सहित सैकड़ों लोग शामिल थे.



