जमशेदपुर : बिरसानगर में ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रहे युवक की बाइक में अज्ञात वाहन के धक्का मार देने के कारण युवक बुरी तरह जख्मी हो गया. सुमित रजक नामक उक्त युवक के चेहरे एवं होठ पर काफी चोट आई है. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुमित को इलाज के लिए टीएमएच भेजवाया एवं उसके पिता भोला रजक को इसकी जानकारी दी. सूचना पाकर टीएमएच पहुंचे भोला रजक ने 500 रुपये का टोकन कटाकर बेटे का इलाज शुरू करने की बात कही, किन्तु डॉक्टरों ने उन्हें 3 हजार रुपये जमा करने के बाद ही इलाज शुरू करने की बात कही.(नीचे भी पढ़ें)
भोला रजक के अनुसार दुर्घटना के लगभग 2 घंटे बाद तक टीएमएच में पड़े रहने के बाद भी सुमित का इलाज शुरू नहीं हुआ, जबकि डॉक्टर उसके इलाज में दो लाख रुपये तक का खर्च आने की बात करते रहे. कोई मिन्नत सुनने को तैयार नहीं होने पर भोला रजक बेटे को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने उसका उपचार किया और समाचार लिखे जाने तक वह काफी ठीक है. उन्होंने कहा कि एमजीएम अस्पताल में उनके बेटे का इलाज हुआ है, जहां कोई पैसा नहीं लगा. उन्होंने बताया कि टीएमएच में डॉक्टरों ने पहले कहा कि 500 रुपए का टोकन कटा लो तो इलाज शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन 500 रुपए का टोकन कटाने के बाद भी इलाज शुरू नहीं हुआ.




