अनिल कुमार / बोकारो : बोकारो आरपीएफ की टीम ने एसी बोगी में बैठकर बैग में भरकर शराब ले जा रहे पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पांचो तस्कर पटना इस्लामपुर ट्रेन में मुरी और तुलिन से शराब की खेप बैग में भरकर पटना पहुंचाते थे। पटना में मौजूद अवैध शराब कारोबारी इस शराब को बिहार में खपाने का काम करते थे। आरपीएफ बोकारो की टीम ने बोकारो रेलवे स्टेशन में एक ट्रॉली बैग और साथ पिट्ठू बैग में बरामद किया है, जिसमें से 218 बोतलें जब्त की गयी हैं. जब्त शराब की कीमत लगभग एक लाख 15 हजार रुपये आंकी जा रही है। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
बताया गया कि गिरफ्त में आए सभी शराब तस्कर हजार-बारह सौ में शराब ले जाने में कुरियर का काम करते थे। उन्होंने कबूल किया है कि वे लोग दो बार से इस तरह ट्रेन में शराब ले जाकर पटना पहुंचाने का काम कर रहे थे। तस्करों ने बताया कि उन लोगों का काम पटना ले जाकर शराब पहुंचाना था। ट्रेन के पटना स्टेशन पर रुकते ही अवैध कारोबारी बैग में भरी शराब को ले जाने का काम करते थे। शराब कहां खपायी जाता थी उसकी जानकारी उन्हें नहीं है और न ही कारोबारियों का कोई नंबर उनके पास है। इन लोगों ने बताया कि वे चेहरे से शराब कारोबारियों को पहचानते हैं। आरपीएफ बोकारो पोस्ट के इंस्पेक्टर राजकुमार साव ने बताया कि जैसे ही ट्रेन मुरी से खुली गश्ती में तैनात एक अधिकारी ने एसी टू टायर के बर्थ संख्या 34, 35 और 41 में संदिग्ध लोग और बैग की जानकारी दी। उसके बाद बोकारो रेलवे स्टेशन में जांच की गई, तो 5 लोगों को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।



