जमशेदपर : राष्ट्रीय दलित मुखी समाज के द्वारा अपने अधिकार की मांग को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया. साथ ही एक मांग पत्र राज्यपाल के नाम उपायुक्त कार्यालय में सौंपा गया. इस दौरान समाज की ओर से कहा गया कि झारखण्ड राज्य का गठन जब से हुआ है, तब से मुखी समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जा रहा है. इसे बनवाने की प्रक्रिया को भी इतना जटिल कर दिया गया है कि हर कोई इससे वंचित हो रहा है. जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने से मुखी समाज के लोग केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से वंचित रह रहे हैं. साथ ही समाज के छात्र वर्ग को भी शिक्षा मिलने मे दिक्कतें हो रही हैं. ऐसे मे जल्द से जल्द समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग की गयी है.











