सरायकेला : मंगलवार को चांडिल एसडीपीओ ने ईचागढ़ थाने का निरीक्षण किया. एसडीपीओ संजय कुमार सिंह ने थाना परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, हाजत, दस्तावेज आदि का निरीक्षण किया. उन्होंने दैनिकी, केस, वारंट निर्गत पंजी, निगरानी पंजी, चौकीदारी, सरकारी सम्पतियों की सूची, मालखाना, अप्राथमिकी पंजी, गिरोह पंजी आदि की गहन जांच की. (नीचे भी देखें)
एसडीपीओ ने निरीक्षण के क्रम में थाना प्रभारी को सोशल पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आम जनता से बेहतर सामंजस्य बनाकर कार्य करने की हिदायत दी. पुराने कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंटियों की धर-पकड़, वारंटों का तमिला समय पर कराने के निर्देश भी थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर को दिये. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को बताया कि साल में एक दो बार थाना का निरीक्षण किया जाता है. उसी के तहत आज ईचागढ़ थाने का निरीक्षण किया गया. उन्होंने कहा कि थाना में कांडों की स्थिति के अलावा सभी खाता-बहियों का निरीक्षण किया गया. विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने में थाने में कितने सक्रिय होकर कार्य करते हैं, इस संबंध में भी जानकारी ली गई. उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था के साथ ही जनता के साथ पुलिस का व्यवहार बेहतर हो, इसको लेकर समय-समय पर पुलिस पब्लिक बैठक, गांवों में लोगों के साथ बैठकर अपराध नियंत्रण पर बातचीत करने की भी हिदायत दी गई. मौके पर थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर, एसआइ अनिल मेहता, शिवा यादव, विनय कुमार सिंह, एएसआइ मनिंदर कुमार सिंह, धनंजय सिंह आदि उपस्थित थे.












