देवघर : देवघर पुलिस ने गाड़ी रिजर्व कर लूट की वारदात को अंजाम देनेवाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनका सरगना मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है एवं फिलहाल जामताड़ा जिले के नारायणपुर में रह रहा था.(नीचे भी पढें)

बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के मार्गो मुंडा थाना क्षेत्र के बिशनपुर इलाके में एक स्विफ्ट डिजायर कार लूट ली थी. वह कार वे जमशेदपुर से रिजर्व कर लाये थे एवं मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र में लाकर ड्राइवर को मारपीट कर उतार दिया और कार लेकर फरार हो गये. (नीचे भी पढें)

कार चालक द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दिये जाने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और कार की लाश शुरू कर दी. टेक्निकल सर्विलांस के सहारे पुलिस को जामताड़ा के पास कार का लोकेशन मिला. इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर 5 घंटे के अंदर लुटेरों को पकड़ कर कार भी बरामद कर ली. इस मामले में पुलिस ने पूछताछ के दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की एक और गाड़ी बरामद की, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि, उसे यही बदमाश गिरोह पश्चिम बंगाल से रिजर्व कर लाया था और धनबाद में लूट की वारदात को अंजाम दिया था. उक्त गाड़ी को पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी इलियास के घर से बरामद किया. पुलिस गिरफ्तार सभी 4 बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह के बाकी सदस्यों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.











