रांची : हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की महागठबंधन सरकार को गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश के मामले में ईडी ने शनिवार को बेरमो विधायक अनूप सिंह से पूछताछ की. ईडी ने इस मामले की छानबीन के क्रम में अनूप सिंह को शनिवार के दिन पूछताछ के लिए उपस्थित होने का समन जारी किया था. अनूप सिंह आज सुबह 11 बजे के करीब यहां ईडी कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद ईडी अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि विगत 30 जुलाई, 2022 को राज्य के तीन कांग्रेस विधायक, डॉ इरफान अंसारी, नमन विल्सन कोंगाड़ी एवं राजेश कच्छप को कोलकाता पुलिस ने 45 लाख रुपयों के साथ पश्चिम बंगाल के रानीहाटी के पास पकड़ा था. उस समय हेमंत सरकार को गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश के आरोप लगे थे एवं तीनों विधायकों के उसमें शामिल होने के आरोप भी लगे थे. पश्चिम बंगाल की सरकार ने उक्त मामले को कोलकाता सीआइडी के हवाले कर दिया था. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर ईडी ने इस मामले में विगत 9 नवंबर को विधायकों की खरीद फरोख्त के मामले में मनी लाउंडरिंग कीजांच के लिए प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की थी. इसमें फिलहाल कांग्रेस के तीन विधायकों, डॉ इरफान अंसारी, नमन विल्सन कोंगाड़ी व राजेश कच्छप को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इस सिलसिले में ईडी ने कांग्रेस विधायक अनूप सिंह को आज पूछताछ के लिए उपस्थित होने का समन भेजा था. बताते चलें कि कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने इस संबंध में अरगोड़ा थाने में 31 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया था कि गिरफ्तारी से एक दिन पूर्व तीनों विधायकों ने सरकार गिराने की अपनी साजिश में शामिल होने के लिए उन्हें भी प्रलोभन दिया था. ईडी फिलहाल उनसे अपने साथी विधायकों से मिले ऑफर के बारे में विस्तार से पूछताछ कर रही है.



