रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : गुरु चंद्र भानु सतपति के जन्मदिवस पर श्री शिरडी साईं भक्त मंडल चक्रधरपुर की ओर से शनिवार को 20वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन धोनी फैंस क्लब के सहयोग से स्थानीय रेलवे के कल्याण मंडप में आयोजन किया गया। इसमें जमशेदपुर ब्लड बैंक के डॉक्टरों और तकनीशियनों की टीम ने अहम भूमिका निभायी। शिविर में 113 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। हालांकि शिविर में 130 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन किसी कारण उनका रक्त नहीं लिया जा सका। इससे पहले रक्तदान शिविर का उद्घाटन उद्योगपति सह समाजसेवी आदर्श दोदराजका ने शिरडी साईं बाबा की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित व पूजा-अर्चना कर किया। शिविर में विधायक सुखराम उरांव, भाजपा नेता अशोक षाड़ंगी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सदस्य मालती गिलुवा, पवन शंकर पांडेय, अनूप दुबे, डिक्की राव समेत अन्य उपस्थित थे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में युवाओं से लेकर महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में धोनी फैंस क्लब के सदस्य आर श्रीकांत राव उर्फ डिक्की व गणेश पाड़िया, शिव भगोरिया, समाजसेवी सदानंद होता, शेष नारायण लाल, संजय पासवान, दीपक सिंह, राजेश गुप्ता, रेलवे कर्मचारी, समाजसेवी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उपस्थित थे। (नीचे भी पढ़ें)
विधायक सुखराम उरांव ने रक्त दाताओं को बढ़ाया हौसला
रक्तदान महादान शिविर में विधायक सुखराम उरांव, रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा प्रभारी एस के मिश्रा सहित कई लोगों ने शिरकत की। उन्होंने रक्त दाताओं को हौसला बढ़ाते हुए उन्हें रक्त देने के लिए प्रेरित किया। मौके पर विधायक सुखराम उरांव ने रक्त दाताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। इसी तरह सीएमएस एसके मिश्रा ने भी लोगों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। (नीचे भी पढ़ें)
श्री शिरडी साईं भक्त मंडल आगे भी रक्तदान शिविर का करेगा जारी : आदर्श
श्री चंद्र भानु सतपति के जन्मदिवस पर श्री शिरडी साईं भक्त मंडल चक्रधरपुर द्वारा 20वां रक्तदान शिविर धोनी फैंस क्लब के सहयोग से किया जा रहा है। उक्त बातें उद्योगपति आदर्श दोदराजका ने कही. उन्होंने कहा कि भविष्य में श्री शिरडी साईं भक्त मंडल वर्ष में दो बार रक्तदान शिविर का आयोजन करेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने का मतलब एक -दूसरे को जीवन दान है। उन्होंने कहा कि साईं भक्त मंडल और धोनी फैंस क्लब सभी संस्थाएं ध्यानबाद के पात्र हैं जो लोगों को जागरुक कर रक्तदान करने के लिए प्रेरित करता है।












